Screenshot_2026-04-08_164106-removebg-preview
Join Community
Screenshot_2026-04-08_164106-removebg-preview
बंदी भाइयों की कलाई पर सजा रक्षा का सूत्र, सेवा समिति ने मनाया रक्षाबंधन

छिंदवाड़ा। परम पूज्य संत श्री आशाराम जी बापू की पावन प्रेरणा से श्री योग वेदांत सेवा समिति छिंदवाड़ा की बहनों द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी जिला जेल में बंदी भाइयों को रक्षा सूत्र भेंट कर रक्षा बंधन पर्व मनाया गया। इस दौरान बहनों ने बंदी भाइयों का वैदिक विधि-विधान से पूजन कर उन्हें रक्षा सूत्र बांधा और मुंह मीठा कराया। श्री योग वेदांत सेवा समिति छिंदवाड़ा के प्रवक्ता भगवान दिन साहू ने पत्रकार संतोष राज को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के दौरान साध्वी प्रतिमा बहन ने बंदी भाइयों को जीवन में कर्मों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में तीन प्रकार की जेल मानी गई हैं—पहली माता के गर्भ की जेल, दूसरी सरकार की जेल और तीसरी कर्म बंधनों की जेल। मनुष्य पहली और दूसरी जेल से बाहर आ सकता है, लेकिन कर्मों की जेल से मुक्ति के लिए सतर्कता और सद्कर्म आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने कर्मों के प्रति सजग रहना चाहिए, अन्यथा कर्मों के बंधन के कारण 84 लाख योनियों में भटकना पड़ सकता है। बहनों द्वारा किए गए आत्मीय व्यवहार से बंदी भाई भावुक हो गए और कई बंदियों की आंखों से आंसू छलक पड़े। कार्यक्रम में जेल स्टाफ को भी रक्षा सूत्र भेंट किए गए। इसके साथ ही जिले के जनप्रतिनिधियों तथा देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों को भी रक्षा सूत्र भेजने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर किसी सैनिक की कलाई सूनी न रहे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूज्य बापूजी की प्रेरणा से देशभर की लगभग 1300 जेलों में इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनसे लाखों बंदी भाइयों तक आत्मीयता और सद्भाव का संदेश पहुंच रहा है। कार्यक्रम में साध्वी रेखा बहन, लिंगा महिला समिति की अध्यक्ष ललिता घोंघे, प्रीति सोनोरे, सुधा ताम्रकार, विमल शेरके, रुपाली इंगले, मीना गोदवानी, सुधा राउत, कांता लोखंडे, दीपा डोडानी एवं सोना चुग्लानी सहित समिति की बहनों की विशेष उपस्थिति रही। वहीं समिति अध्यक्ष मदन मोहन परसाई, खजरी आश्रम के संचालक जय राम भाई, गुरुकुल प्रभारी सोमनाथ पवार, ऋषि प्रसाद साहित्य संभाग प्रभारी तुकाराम भाई, अश्विनी गोदवानी, सुभाष इंगले सहित अन्य सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया। समिति अध्यक्ष मदन मोहन परसाई ने जिला जेल अधीक्षक प्रतीक जैन एवं समस्त जेल स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति के मीडिया प्रभारी भगवान दिन साहू ने बताया कि रक्षाबंधन का यह आयोजन बंदी भाइयों के बीच अपनत्व, सेवा, संस्कार और मानवीय संवेदना का संदेश देने वाला रहा।