

राजधानी भोपाल में नेशनल मीडिया फाउंडेशन नई दिल्ली के बैनर तले भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग की एक अत्यंत महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजेंद्र जैन के गरिमामयी नेतृत्व में संपन्न हुई। इस बैठक में भोपाल संभाग की नई कार्यकारिणी के गठन, संगठन के उद्देश्यों, पत्रकार सुरक्षा और उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर विशेष बल दिया गया। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर मध्य प्रदेश में भी 'पत्रकार सुरक्षा कानून' लागू करने की पुरजोर मांग उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में यह कानून पहले से लागू है, लेकिन मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में कई बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद इसे अब तक अमलीजामा नहीं पहनाया गया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि पत्रकारों के हितों और उनकी सुरक्षा को लेकर जल्द ही राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी को एक 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा जाएगा। आगामी रूपरेखा के तहत नेशनल मीडिया फाउंडेशन नई दिल्ली के तत्वाधान मे 7 अक्टूबर 2026 को भोपाल के एमपी नगर स्थित 9 मसाला रेस्टोरेंट्स (9 Masala) में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पत्रकार, साहित्यकार, कवि, समाजसेवी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली उत्कृष्ट हस्तियों को मंच के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा। इस गरिमामयी सम्मान समारोह का संयोजक भोपाल जिला अध्यक्ष श्री मुकेश साहू को नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र जैन ने बैठक में उपस्थित सदस्यों से संगठन की सदस्यता बढ़ाने की दिशा में मिलजुल कर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून के प्रयासों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर 7 अक्टूबर के कार्यक्रम को सफल बनाया जाए। इसके साथ ही, बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई 'बस परिवहन सुगम सेवा योजना' जो राज्य में वर्ष 2005 में राज्य सड़क परिवहन निगम (MPSRTC) के बंद होने के बाद, करीब 21 साल बाद सरकारी स्तर पर लोक परिवहन सेवा की यह ऐतिहासिक वापसी के लिए प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में सेवानिवृत्त अतिरिक्त संचालक (जनसंपर्क) प्रकाश साकल्ले, डॉक्टर आर.वी. सिंह, भूपेन्द्र निगम, श्रीमती रोली श्रीवास्तव, श्रीमती रेखा तिवारी, श्रीमती कविता शर्मा, संतोष राज, रितिक रोशन, आकाश रजक, पूर्व पार्षद श्रीमती चंद्रावती भड़के, मोहम्मद बी.एस. खान, मोहम्मद शराफत खान, मोहम्मद शाकिर खान, मोहम्मद एम.एच. सिद्दीकी, मुकेश साहू, शिव शंकर शर्मा, सुश्री रेणुका राठौर, श्रीमती इंद्रा खरे और श्रीमती सपना शर्मा सहित संभाग के कई प्रमुख पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।