


भोपाल, एमपी नगर स्थित ‘9 मसाला’ रेस्टोरेंट में नेशनल मीडिया फाउंडेशन, नई दिल्ली के तत्वावधान में भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग की संयुक्त बैठक एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजेंद्र जैन ने की, जबकि मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महासचिव एवं विधायक श्री भगवान दास सबनानी रहे। बैठक में पत्रकारों एवं बुद्धिजीवियों ने मध्य प्रदेश में जल्द से जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की सर्वसम्मति से मांग उठाई। भगवान दास सबनानी ने मांग का समर्थन करते हुए कहा कि वे पत्रकारों की आवाज को मजबूती के साथ मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। बैठक में पत्रकार हित, सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई तथा मुख्यमंत्री को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। इसी अवसर पर श्री संतोष राज साहू को नेशनल मीडिया फाउंडेशन में भोपाल जिला महासचिव नियुक्त किया गया। मंच पर अतिथियों ने उन्हें सम्मान पत्र एवं पुष्पहार पहनाकर बधाई दी। उनकी नियुक्ति पर भोपाल जिले के राष्ट्रीय समन्वयक किशोर कुमार लहरपुरे, संजय साहू (अरेरा कॉलोनी), रूपेश परमार, जितेंद्र साहू (मंडला), प्रदेश प्रवक्ता शंभु दयाल साहू एवं विशाल साहू सहित उपस्थित सदस्यों ने शुभकामनाएं दीं। नेशनल मीडिया फाउंडेशन की ओर से सिमरन उपाध्याय ने मंच के माध्यम से घोषणा की कि पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले एवं संभाग में इसी प्रकार की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं एवं मांगों को एकत्रित कर सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अवधेश भार्गव, सत्येंद्र जैन, संजीव आचार्य एवं सुमित रघुवंशी ने पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन देश न्यूज़ के चैनल हेड श्री सूरज पाठक ने किया। कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में श्री सूरज पाठक एवं मुख्य महासचिव श्री भूपेन्द्र निगम ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। सम्मान समारोह के संयोजक भोपाल जिला अध्यक्ष श्री मुकेश साहू एवं श्रीमती रेणुका राठौर रहे। कार्यक्रम के अंत में मुकेश साहू ने अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। मंच पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री संतोष कुमार पाराशर (प्रदेश विधि सलाहकार), डॉ. आर. एम. पी. सिंह (सेवानिवृत्त अपर संचालक, जनसंपर्क विभाग) एवं श्री अनीश नायर (संभागीय अध्यक्ष, बैतूल) उपस्थित रहे। संयुक्त बैठक में श्री प्रकाश साकल्ले, डॉक्टर आर.वी. सिंह, श्रीमती रोली श्रीवास्तव, श्रीमती कीर्ति श्रीवास्तव (पूर्व लेक्चरर, विक्रम हायर सेकंड्री स्कूल भेल), श्री अनूप वर्मा (सांध्य प्रकाश), श्रीमती सुषमा दुबे (रिटायर्ड, बोर्ड ऑफिस), श्रीमती रेखा तिवारी, पूनम चौकीकर, मोहम्मद बी.एस. खान एवं श्रीमती इंद्रा खरे सहित संभाग के वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं फाउंडेशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। समापन अवसर पर नेशनल मीडिया फाउंडेशन की ओर से उपस्थित पत्रकारों के लिए स्नेहपूर्ण एवं सुरुचिपूर्ण भोज का आयोजन किया गया।