cropped-cropped-00A74A9F-DCCF-4CD7-834F-90A3CE2B5467.png
Join Community
Screenshot_2026-04-08_164106-removebg-preview
प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल के आश्वासन पर 14 दिन बाद खड्डी खुर्द सड़क का धरना समाप्त

 

राधेश्याम आस्तोंलिया के प्रयास से बनी सहमति,  2 से 4 माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सड़क निर्माण शुरू कराने का मिला आश्वासन, लीला साहू बोलीं-अब उम्मीद है धरातल पर दिखेगा समाधान

सीधी/भोपाल। ग्राम पंचायत खड्डी खुर्द की जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर पिछले 14 दिनों से जारी धरना प्रदर्शन रविवार को सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया। पत्रकार संतोष राज को मिली जानकारी के अनुसार, आंदोलनकारियों ने कहा कि अब उनका विश्वास है कि प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसी को देखते हुए मंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। आंदोलन से जुड़े लोगों के अनुसार प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने आश्वासन दिया है कि आगामी 2 से 4 माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इससे पहले भी खड्डी खुर्द की सड़क का मुद्दा लंबे समय से उठता रहा है और लीला साहू द्वारा लगातार सड़क निर्माण की मांग की जाती रही है। हालिया रिपोर्टों में भी इस मांग को करीब दो वर्षों से उठाए जाने का उल्लेख है। सड़क समस्या को लेकर भोपाल से पहुंचे साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल से उनके भोपाल स्थित निवास पर मुलाकात कर खड्डी खुर्द की सड़क का निर्माण शीघ्र कराने का अनुरोध किया था। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीणों की समस्या और लीला साहू के आंदोलन से मंत्री को अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार प्रभारी मंत्री ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर आवश्यक निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं तथा संबंधित कार्य की जानकारी भी ली जा रही है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से ग्रामीणों से संवाद कर धरना समाप्त करने की अपील भी की। अखिल भारतीय तेली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम आस्तोंलिया सह राजनीतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, नमो नमो मोर्चा भारत ने रतलाम से पहुंचकर प्रभारी मंत्री द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासन को आंदोलनकारियों के संज्ञान में लाया। इसके बाद मंत्री के आश्वासन पर धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने  लीला साहू को  पुष्प गुछ भेट कर एवं सोल ओढाकर  धरना समाप्त करवाया । आंदोलन से जुड़े लोगों ने प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उम्मीद है कि निर्धारित समय-सीमा में सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और ग्रामीणों को स्थायी राहत मिलेगी। आंदोलनकारियों ने कहा कि यह लड़ाई केवल बहन लीला साहू की व्यक्तिगत समस्या नहीं थी, बल्कि खड्डी खुर्द और आसपास के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही सड़क समस्या की आवाज थी। लीला साहू पिछले करीब दो वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लगातार उठा रही हैं। उन्होंने आंदोलन के दौरान प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाली क्षेत्र की जनता, सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा दूर-दराज से समर्थन देने पहुंचे सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही सड़क की समस्या को शासन-प्रशासन और आम जनता तक पहुंचाने में सहयोग करने वाले सभी मीडिया संस्थानों, पत्रकारों एवं सोशल मीडिया सहयोगियों के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *