साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर डीएसपी संतोष पटेल और संतोष राज के बीच जन-जागरूकता को लेकर विशेष चर्चा

भोपाल। साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से डीएसपी श्री संतोष पटेल जी से संतोष राज, मीडिया प्रभारी, नमो नमो मोर्चा भारत ने सौजन्य मुलाकात कर साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने के विषय पर विशेष चर्चा की। इस अवसर पर संतोष राज ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक महत्वपूर्ण जानकारियाँ पहुँचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए डीएसपी संतोष पटेल जी को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।डीएसपी संतोष पटेल ने आमजन से अपील की कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति पर आँख बंद करके भरोसा न करें। ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने या अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर करने से बचें। उन्होंने विशेष रूप से आगाह किया कि बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी या सरकारी कर्मचारी बनकर फोन करने वाले हर व्यक्ति पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या पासवर्ड न बताएं। पैसे प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की आवश्यकता नहीं होती। केवाईसी अपडेट, डिजिटल अरेस्ट, नौकरी का लालच, निवेश में अधिक मुनाफा, फर्जी कस्टमर केयर, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल और वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेलिंग जैसे तरीकों से भी साइबर ठगी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराएँ नहीं, तुरंत कार्रवाई करें। अपने बैंक या भुगतान सेवा प्रदाता को सूचित करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएँ। ऑनलाइन शिकायत के लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in का उपयोग करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की गई राशि को रोकने की संभावना बढ़ सकती है। डीएसपी संतोष पटेल ने समाजहित में साइबर जागरूकता से जुड़े वीडियो और उपयोगी जानकारियों को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने का संदेश भी दिया, ताकि हर नागरिक साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क बन सके। अंत में संतोष राज ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सजगता और सामूहिक प्रयास से ही साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। संतोष राज का आम जनों के लिए संदेश: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी एक छोटी-सी सावधानी आपको बड़ी साइबर ठगी से बचा सकती है।